Newsझारखण्ड

मध्य विद्यालय आसनपाठ में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): मझगांव प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय आसनपाठ में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक निरल पुर्ति शामिल हुए। वहीं सम्मानित अतिथियों में जिला परिषद सदस्य पूनम जेराई, प्रमुख सरस्वती चातर, आसनपाठ की मुखिया लक्ष्मी पिंगुवा, कोल्हान नितिर तुरतुंग के अध्यक्ष माझीराम जामुदा, बीपीओ, हो भाषा के राज्य साधनसेवी शिक्षक कृष्णा देवगम, मंगल सिंह मुंडा, आकाशवाणी उद्घोषक जगन्नाथ हेस्सा, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं अभिभावकगण उपस्थित थे।

 

खेलकूद प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 5 स्तर की मेंढ़क दौड़ में प्रथम वीर बहादुर सिंकू, द्वितीय विसर्जन पिंगुवा और तृतीय ऋषभ सिंकू रहे। कक्षा 6 से 8 स्तर की गिलास रेस में प्रथम लक्ष्मी पिंगुवा, द्वितीय शबनम तिरिया और तृतीय ज्योति कुमारी महाराणा ने स्थान प्राप्त किया। तीन पैर की दौड़ में प्रथम मंगल पिंगुवा, द्वितीय सुरेंद्र पिंगुवा और तृतीय ज्योति रानी सिंकू रहे। रस्सी दौड़ में प्रथम शबनम तिरिया, द्वितीय लक्ष्मी बिरुवा और तृतीय विनीता पिंगुवा रही। गोला फेंक में प्रथम विभीषण पिंगुवा, द्वितीय जनवरी पुरती और तृतीय समीर सिंकू रहे। बैलून फोड़ प्रतियोगिता में प्रथम सत्यराम सिंकू, द्वितीय जगदीश पिंगुवा और तृतीय सुखराम सिंकू ने स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान इंस्ट्रूमेंट पीटी, कराटे, बॉक्सिंग के साथ-साथ कौशल विकास आधारित प्रतियोगिताएं जैसे साइकिल मरम्मत, हेयर कटिंग, झाड़ू निर्माण, बिजली एवं कंप्यूटर से जुड़े प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं अन्य अतिथियों के हाथों पुरस्कृत किया गया।

 

मुख्य अतिथि सांसद जोबा माझी ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय में बच्चों की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियां एक मॉडल स्कूल का आभास कराती हैं। उन्होंने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति से सीमित संसाधनों में भी नवाचार संभव है। उन्होंने बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी और अभिभावकों से बच्चों को नियमित स्कूल भेजने की अपील की। साथ ही विद्यालय को स्मार्ट बोर्ड की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय सेमिनार में सम्मानित शिक्षक विमल किशोर बोयपाई को भी बधाई दी।

 

विशिष्ट अतिथि विधायक निरल पुर्ति ने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा और खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए जनप्रतिनिधि प्रयासरत हैं।

कोल्हान नितिर तुरतुंग के अध्यक्ष माझीराम जामुदा ने कहा कि खेलकूद स्कूली शिक्षा का अभिन्न अंग है, जिससे बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित स्कूल भेजने की अपील की।

कार्यक्रम में टाटा स्टील की ओर से अंजिक्य बिरुवा द्वारा विद्यालय को कंप्यूटर सेट प्रदान किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से बहुभाषी शिक्षा पर कार्य कर रहे राज्य साधनसेवी शिक्षक कृष्णा देवगम को सांसद के हाथों मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

 

इससे पूर्व विद्यालय के प्रभारी अजय कुमार एवं विज्ञान शिक्षक विमल किशोर बोयपाई के नेतृत्व में अतिथियों का पारंपरिक नृत्य और ढोल-नगाड़े के साथ स्वागत किया गया। मौके पर कोल्हान नितिर तुरतुंग के महासचिव प्रेम सिंह डांगिल, युवा समाजसेवी रविन्द्र गिलुवा, राजकिशोर बोयपाई, हरिश पाठ पिंगुवा, संजय कुमार जारिका सहित बड़ी संख्या में अभिभावकगण उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *