नक्सल अभियान की सफलता पर पुलिस एसोसिएशन ने डीजीपी तदाशा मिश्रा को दी शुभकामनाएं
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा आगमन पर नक्सल विरोधी अभियान की सफलता को लेकर पुलिस मेंस एसोसिएशन और पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।


पदाधिकारियों ने हाल के नक्सली अभियानों में पुलिस बल को मिली सफलता की सराहना की और इसे सुरक्षा बलों की बड़ी उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर पुलिस मेंस एसोसिएशन और पुलिस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि डीजीपी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में पश्चिमी सिंहभूम सहित पूरे राज्य में नक्सल विरोधी अभियान को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि कठिन और दुर्गम इलाकों में लगातार चल रहे अभियानों से नक्सलियों पर प्रभावी दबाव बना है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम हो रहा है।
पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि पुलिस बल के जवान विषम परिस्थितियों में कार्य कर रहे हैं और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए उच्च अधिकारियों का सहयोग और मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण है। डीजीपी के आगमन से जवानों में उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा है।
शुभकामनाएं देने वालों में प्रमुख रूप से प्रदीप ओलिभर मिंज, किशुन मुर्मू, तारा चांद महतो, अनुप लाकड़ा, सुरेश चंद्र मांझी, मो. हजरत अंसारी, जगन्नाथ तिरिया, संतोष कुमार राय, केशव मेहता और कमलेश कुमार शामिल थे। सभी ने नक्सल अभियान की सफलता के लिए पुलिस बल को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे अभियानों के सफल संचालन की कामना की।

