Newsझारखण्ड

सेंट जेवियर्स स्कूल की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में लाल दल ने मारी बाजी, हरा दल रहा उपविजेता

 

सांसद जोबा माझी ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन, विद्यार्थियों को खेल के प्रति किया प्रेरित; सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

 

चक्रधरपुर : सेंट जेवियर्स स्कूल पोटका, चक्रधरपुर में बुधवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने किया।

 

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेंब्रम तथा विशेष अतिथि के रूप में फादर जोन्हास खालखो और चक्रधरपुर नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष केडी शाह उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। खेल से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीत-हार की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने और खेल के क्षेत्र में भी अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया।

 

वहीं, जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेंब्रम ने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा, एकजुटता और अनुशासन की भावना मजबूत होती है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल में भी अपनी प्रतिभा निखारने की सलाह दी।

 

प्रतियोगिता की शुरुआत से पहले विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। इसके बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।

 

प्रतियोगिता के समापन पर शानदार प्रदर्शन करते हुए लाल दल ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि हरा दल उपविजेता रहा। दोनों दलों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

 

विद्यालय के प्राचार्य फादर एस. पुथुमय राज एवं प्राचार्या सिस्टर कृपा के मार्गदर्शन में पूरा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ कोऑर्डिनेटर प्रदीप, ज्योति, माइकल सर और वर्षा मिस का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Share this news