Newsझारखण्ड

गणतंत्र दिवस पर लंदन में डॉ. अंबेडकर के निवास पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बताया गौरव और भावुकता का क्षण

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दिनों यूनाइटेड किंगडम के दौरे पर हैं। दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम 2026 में सहभागिता के बाद मुख्यमंत्री लंदन पहुंचे, जहां 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के लंदन स्थित ऐतिहासिक निवास स्थल का दौरा किया। इस अवसर को उन्होंने अपने जीवन का अत्यंत भावुक और गर्वपूर्ण क्षण बताया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर को नमन करना उनके लिए प्रेरणादायी अनुभव है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का दूरदर्शी नेतृत्व और लोकतांत्रिक सोच आज भी देश को मार्गदर्शन देती है। उनके विचार एक समावेशी, समानतामूलक और सशक्त समाज की नींव हैं।

सीएम सोरेन ने कहा कि भारत का संविधान केवल कानून का दस्तावेज नहीं, बल्कि हर नागरिक के अधिकार, सम्मान और अस्तित्व की मजबूत आवाज है। यह संविधान वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों को न्याय और समान अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि न्याय, समता, समानता और भाईचारे के मूल्य ही भारतीय लोकतंत्र की असली शक्ति हैं।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन्हीं संवैधानिक मूल्यों के साथ युवा झारखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। गणतंत्र दिवस पर उन्होंने देश और राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए “जय संविधान” और “जय भीम” का संदेश दिया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *