बिहार की तरह झारखंड की बेटियों को भी मिले 10-10 हजार की सहायता: वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर
पलामू :


गणतंत्र दिवस के अवसर पर पलामू में झंडोत्तोलन के बाद झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने केंद्र सरकार से झारखंड की बेटियों को भी विशेष आर्थिक सहायता देने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि जिस तरह बिहार में बेटियों को चुनाव के दौरान 10-10 हजार रुपये की सहायता दी गई, उसी तर्ज पर झारखंड की बेटियों को भी यह लाभ मिलना चाहिए।
वित्त मंत्री ने बताया कि हाल ही में आयोजित केंद्र सरकार की प्री-बजट बैठक में उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के समक्ष झारखंड की यह मांग रखी थी। उन्होंने केंद्र से आग्रह किया कि इसके लिए विशेष बजट प्रावधान कर झारखंड सरकार को राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि राज्य की बेटियों को भी समान अवसर मिल सके।
राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि देश की सभी बेटियां समान हैं और केंद्र सरकार को सभी राज्यों की बेटियों के साथ समान व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार पहले से ही मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं और बेटियों को प्रतिमाह 2500 रुपये की सहायता दे रही है, लेकिन यह राशि पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार झारखंड की बेटियों को 10-10 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराती है, तो इससे उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनने में बड़ा सहयोग मिलेगा।

