Newsझारखण्ड

नगर निकाय चुनाव में सरगर्मी तेज, रमेश खिरवार उर्फ लड्डू ने खरीदा नामांकन पर्चा   

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा में नगर निकाय चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में आज सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर में रमेश खिरवार उर्फ लड्डू ने नामांकन पर्चा खरीदा। नामांकन पर्चा खरीदने के बाद उन्होंने मौके पर उपस्थित पत्रकारों से बातचीत की।

 

रमेश खिरवार उर्फ लड्डू ने कहा कि वे पूरे जोश और उत्साह के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जनता उन्हें जीत दिलाती है तो शहर के प्रमुख मुद्दों पर तुरंत काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड, जोड़ा तालाब, सड़क और सफाई जैसी बुनियादी समस्याएं उनकी प्राथमिकता में रहेंगी।

 

उन्होंने कहा कि चाईबासा शहर को सुंदर और सुव्यवस्थित बनाना उनका मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जाएंगे, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना, सड़कों की स्थिति सुधारना और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण उनकी कार्ययोजना का अहम हिस्सा होगा।

 

रमेश खिरवार उर्फ लड्डू ने यह भी कहा कि वे हमेशा आम लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध रहेंगे। जनता की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान करना उनकी कार्यशैली होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का सहयोग और समर्थन उन्हें लगातार मिल रहा है।

 

नगर निकाय चुनाव को लेकर चाईबासा में चुनावी गतिविधियां दिन-ब-दिन तेज होती जा रही हैं और आने वाले दिनों में और अधिक प्रत्याशियों के मैदान में उतरने की संभावना है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *