JamshedpurNewsझारखण्ड

बीएनटीसी के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में संयोग सेवा फाउंडेशन सम्मानित, सामाजिक कार्यों की हुई सराहना

 

जमशेदपुर। बीएनटीसी स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस, गोविंदपुर, जमशेदपुर में मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए संयोग सेवा फाउंडेशन के सदस्यों को ट्रॉफी, मेडल एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर फाउंडेशन के सदस्यों ने खुशी जाहिर करते हुए समाजसेवा के कार्यों को आगे भी जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सिविल सर्जन डॉ. एस. के. झा उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथियों के रूप में सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यकर्ता श्रीमती पुरबी घोष तथा नारी शक्ति की अध्यक्ष श्रीमती अपर्णा गुहा शामिल हुईं। कार्यक्रम में बीएनटीसी स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस की डायरेक्टर श्रीमती सुष्मिता खाँ, डायरेक्टर श्री सोमनाथ सारखेल, शिक्षकगण, पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

इस दौरान संस्थान के दोनों डायरेक्टर श्रीमती सुष्मिता खाँ एवं श्री सोमनाथ सारखेल ने संयोग सेवा फाउंडेशन की टीम द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने फाउंडेशन के सदस्यों को सम्मानित करते हुए समाज के प्रति उनके सेवा-भाव और योगदान की प्रशंसा की।

 

संयोग सेवा फाउंडेशन विभिन्न सामाजिक एवं जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संस्था की ओर से एमजीएम अस्पताल के सहयोग से रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा, राहगीरों की सुविधा के लिए बस स्टैंड की मरम्मत, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के उद्देश्य से रिफ्लेक्टर टेप लगाने तथा सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड की सफाई एवं मरम्मत जैसे कार्य भी किए जाते हैं। संस्था जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामुदायिक कल्याण से जुड़े कार्यों में भी योगदान दे रही है।

 

संस्था के सदस्यों ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करना और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहना ही फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य है। सम्मान मिलने से टीम का उत्साह बढ़ा है और भविष्य में भी सामाजिक सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने की प्रेरणा मिली है।

 

कार्यक्रम में संयोग सेवा फाउंडेशन की ओर से आकाश महतो, सजल महतो, अजय तंतुबाई, गौतम महतो, गुणाधर महतो, लालटु महतो, नरेश महतो, संतोष महतो एवं सृष्टिधर महतो उपस्थित रहे।

Share this news