दूसरे मैच में गोवा ने झारखंड को आठ विकेट से हराया, श्रृंखला 1–1 से बराबर
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): हर्षिता यादव की शानदार बल्लेबाजी और पूर्वा वैदकर की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर गोवा ने झारखंड को दूसरे मैच में एकतरफा मुकाबले में आठ विकेट से पराजित कर तीन मैचों की श्रृंखला 1–1 से बराबर कर ली। अब श्रृंखला का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 31 जनवरी को खेला जाएगा।


बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम, चाईबासा में खेले गए इस मैच में गोवा की कप्तान ने टॉस जीतकर झारखंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड की पूरी टीम 39.1 ओवर में 159 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। झारखंड की ओर से पलक कुमारी ने पांच चौकों की मदद से सर्वाधिक 38 रन बनाए। इसके अलावा आरती कुमारी ने 24, सोनिया ने 19 और वृष्टि कुमारी ने 17 रनों का योगदान दिया।
गोवा की गेंदबाजी में पूर्वा वैदकर ने 25 रन देकर तीन विकेट लिए। सुनंदा यातरेकर, श्रेया परब और हर्षिता यादव को एक-एक विकेट मिला, जबकि चार बल्लेबाज रन आउट हुए।
160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोवा की टीम ने 26.2 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। गोवा की ओर से हर्षिता यादव ने 78 गेंदों में नौ चौके और चार छक्कों की मदद से 89 रन की शानदार पारी खेली। तान्या नायक ने नाबाद 32 रन और श्रेया परब ने नाबाद 16 रन बनाए।
झारखंड की ओर से गेंदबाजी में पलक कुमारी और पल्लवी कुमारी को एक-एक विकेट मिला।

