उपायुक्त के नेतृत्व में चाईबासा में वाक् फॉर रोड सेफ्टी का आयोजन
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त के नेतृत्व में वाक् फॉर रोड सेफ्टी का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा जिला समाहरणालय परिसर से शुरू हुई।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि इस तरह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक सोच विकसित करना और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि सड़क का उपयोग करने वाला हर व्यक्ति, चाहे वह पैदल यात्री हो, दोपहिया वाहन चालक हो या अन्य वाहन से चलने वाला हो, जब भी घर से निकले तो उसके मन में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने की भावना होनी चाहिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से किसी को नुकसान न पहुंचे।

उपायुक्त ने कहा कि कई बार छोटी-छोटी लापरवाहियां बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बन जाती हैं, जिससे जीवन भर का नुकसान हो जाता है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे हमेशा यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही उन्होंने बताया कि सड़क पर वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अवश्य करें और बिना इन उपकरणों के वाहन न चलाएं।
उन्होंने नशे की हालत में वाहन न चलाने की भी सख्त अपील की और सुरक्षित यात्रा के लिए नियमों का पालन करने पर जोर दिया।
समाहरणालय से शुरू हुई यह पदयात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए वापस समाहरणालय परिसर पहुंची, जहां सृष्टि चाईबासा की ओर से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया और कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा हमारे जीवन का अहम हिस्सा है। उन्होंने बताया कि कई बार छोटी गलतियों के कारण सड़क दुर्घटनाएं हो जाती हैं, जिनमें परिवार के जिम्मेदार सदस्य की जान चली जाती है।
इससे पूरा परिवार प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी सभी बातों को गंभीरता से लेने की जरूरत है।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान विभिन्न माध्यमों से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की जान बचाई जा सके।

