जैक बोर्ड परीक्षा को लेकर चाईबासा में समीक्षा बैठक, 03 से 23 फरवरी तक मैट्रिक-इंटर परीक्षा
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची (JAC) द्वारा आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचार-मुक्त संचालन को लेकर शुक्रवार को जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में कोल्हन विश्वविद्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।


बैठक में जानकारी दी गई कि मैट्रिक परीक्षा के लिए जिले में कुल 53 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिसमें 15,494 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 29 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें आर्ट्स के 7,766, साइंस के 1,168 और कॉमर्स के 1,306 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा का आयोजन 03 फरवरी से 23 फरवरी तक किया जाएगा।
जिला उपायुक्त ने कहा कि बोर्ड परीक्षा एक संवेदनशील प्रक्रिया है, जिसे जैक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ संपन्न कराया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था रहेगी। प्रश्नपत्रों और परीक्षा से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं में पूर्ण गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र अधीक्षक और संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ दायित्वों के निर्वहन का निर्देश दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या गोपनीयता भंग की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही यह भी कहा कि कदाचार-मुक्त परीक्षा का उद्देश्य परीक्षार्थियों के भविष्य को सुरक्षित करना है और अनावश्यक रूप से किसी भी छात्र-छात्रा को परेशान न किया जाए।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि पूर्व वर्षों की परीक्षा संचालन की समीक्षा के आधार पर इस वर्ष परीक्षा को और अधिक बेहतर, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा। जिला प्रशासन हर स्तर पर सहयोग करेगा और आवश्यकता पड़ने पर सभी पदाधिकारी उपलब्ध रहेंगे।
बैठक में सुशांत प्रधान और मनोज राउत द्वारा सभी केंद्र अधीक्षकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं दंडाधिकारियों को जैक की निर्देशिका के अनुरूप परीक्षा संचालन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय, सहयोग और जिम्मेदारी के साथ परीक्षा के सफल संचालन की अपील की गई तथा सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बैठक का समापन किया गया।
बैठक में अपर उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर चाईबासा, अनुमंडल पदाधिकारी जगन्नाथपुर, अनुमंडल पदाधिकारी चक्रधरपुर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सदर चाईबासा, जिला शिक्षा अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम, जिले के सभी केंद्र अधीक्षक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और जिले के सभी प्रखंडों के थाना प्रभारी सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

