गम्हारिया खाद्य गोदाम में लापरवाही का आरोप: गरीबों के लिए रखी दाल सड़ी, जवाबदेही पर उठे सवाल

एमओ ने टिप्पणी करने से किया इनकार, खराब हुए खाद्यान्न और जिम्मेदारी तय करने की उठी मांग


सरायकेला/गम्हारिया: सरायकेला जिले के गम्हारिया स्थित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के गोदाम में गरीबों के वितरण के लिए रखी गई दाल के खराब होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण बड़ी मात्रा में दाल सड़ गई, जिससे सरकारी खाद्यान्न के रखरखाव और वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की मांग की है। उनका कहना है कि जो दाल गरीब एवं जरूरतमंद लाभुकों तक पहुंचनी थी, वह गोदाम में ही खराब हो गई। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि इसके लिए जिम्मेदार कौन है और नुकसान की भरपाई कैसे होगी।
इस संबंध में जब गम्हारिया के मार्केटिंग ऑफिसर (एमओ) से पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने इस मामले में कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
अब बड़ा सवाल यह है कि खराब हुए खाद्यान्न का हिसाब कौन देगा, जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी और जिन लाभुकों को यह दाल मिलनी थी, क्या उन्हें समय पर वैकल्पिक खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा? मामले को लेकर लोगों में नाराजगी है और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।

