सेरेंगसिया शहीद दिवस पर मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, विकास योजनाओं का किया शिलान्यास व परिसंपत्ति वितरण
चाईबासा/टोंटो(प्रकाश कुमार गुप्ता): शहीद दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो प्रखंड स्थित सेरेंगसिया पहुंचे। यहां उन्होंने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष में शहादत देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। इस मौके पर शहीदों को नमन सह परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन एवं परिसंपत्ति वितरण समारोह का आयोजन किया गया।


मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड शूरवीरों की धरती रही है। अपने वीर शहीदों का सम्मान करना हमारी परंपरा है और इसे और मजबूती से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब देश में आजादी की लड़ाई शुरू भी नहीं हुई थी, तब यहां के आदिवासियों ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया था। कोल विद्रोह और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए किए गए आंदोलन इतिहास के पन्नों में दर्ज हैं। भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हु, नीलांबर-पीतांबर और पोटो हो जैसे वीरों की शहादत की गवाह यह धरती रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक समाज आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और बौद्धिक रूप से मजबूत नहीं होगा, तब तक विकास संभव नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों को हर हाल में पढ़ाएं। सरकार गरीब और जरूरतमंद बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा, मुफ्त कोचिंग और उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं चला रही है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर 398 करोड़ 19 लाख 35 हजार 298 रुपये की लागत से 197 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। इसमें 122 योजनाओं का शिलान्यास और 75 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। साथ ही 3 लाख 77 हजार 256 लाभार्थियों के बीच 637 करोड़ 43 लाख 13 हजार 500 रुपये की परिसंपत्तियां वितरित की गईं। इसके अलावा 1479 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

कार्यक्रम में परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ, सांसद जोबा मांझी, विधायक निरल पूर्ति, विधायक दशरथ गगराई, विधायक सुखराम उरांव, विधायक सोनाराम सिंकू, विधायक सविता महतो, विधायक समीर मोहंती, विधायक संजीव सरदार, विधायक जगत मांझी, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन, पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा, उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

