अध्यक्ष पद के संभावित प्रत्याशी सुनील प्रसाद साव कल करेंगे नामांकन दाखिल
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगर निकाय चुनाव को लेकर चाईबासा में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अध्यक्ष पद के संभावित प्रत्याशी सुनील प्रसाद साव अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ मंगलवार को नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे। उन्होंने बताया कि नामांकन को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


सुनील प्रसाद साव ने कहा कि उनके मुख्य चुनाव कार्यालय के खुलने के बाद से लगातार शहर के हर वर्ग, हर समुदाय और हर वार्ड से लोग उनसे मिलने आ रहे हैं। लोग न सिर्फ उन्हें चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, बल्कि खुलकर अपना समर्थन भी जता रहे हैं। इससे यह साफ संकेत मिल रहा है कि चाईबासा की जनता शहर के विकास को लेकर गंभीर है और बदलाव चाहती है।
उन्होंने कहा कि चाईबासा लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों की प्रतीक्षा कर रहा है। यदि जनता का साथ और विश्वास मिला तो वे शहर के समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे। उनका लक्ष्य है कि चाईबासा को एक बेहतर, स्वच्छ और सुविधायुक्त शहर बनाया जाए, जहां सभी वर्गों को समान अवसर और सुविधाएं मिल सकें।
सुनील प्रसाद साव ने चाईबासा की जनता से अपील करते हुए कहा कि मंगलवार को सुबह 10 बजे अधिक से अधिक संख्या में बिहारी क्लब पहुंचें। वहां से सभी लोग एक साथ नामांकन स्थल के लिए प्रस्थान करेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक नामांकन नहीं, बल्कि शहर के विकास के लिए एकजुटता का संदेश होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि जनता का समर्थन और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। वे चाहते हैं कि चाईबासा की जनता उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चले और शहर को नई दिशा देने में सहयोग करे।
नामांकन को लेकर समर्थकों में उत्साह का माहौल है। कई वार्डों से लोग संगठित होकर नामांकन में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। इससे नगर निकाय चुनाव में मुकाबला रोचक होने की संभावना है।

