परियोजना ‘उल्लास’ के तहत चाकूलिया में मिर्गी रोगियों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क विशेष जांच शिविर आयोजित
उपायुक्त महोदय के निर्देशानुसार एवं सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के नेतृत्व में आज दिनांक 03 फरवरी 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चाकूलिया में परियोजना ‘उल्लास’ के अंतर्गत मिर्गी रोगियों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क विशेष जांच शिविर का आयोजन किया गया।


इस शिविर में कुल 139 मरीजों की निःशुल्क स्क्रीनिंग कर उन्हें आवश्यक दवाएं प्रदान की गईं। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने शिविर का निरीक्षण कर मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
गौरतलब है कि परियोजना उल्लास के अंतर्गत इससे पूर्व अनुमंडल अस्पताल, घाटशीला में पहला, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटमदा में दूसरा तथा शहरी क्षेत्र अंतर्गत टीकौषधि भंडार, जेल चौक, साकची में तीसरा शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है। इसी क्रम में चौथा शिविर चाकूलिया में आयोजित किया गया।
परियोजना उल्लास के नोडल पदाधिकारी सह जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में मरीजों को निःशुल्क परामर्श, एक माह की दवा, आने-जाने एवं भोजन की भी निःशुल्क व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई। मरीजों एवं उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए उपायुक्त महोदय एवं सिविल सर्जन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस शिविर को सफल बनाने में जिला मानसिक स्वास्थ्य विभाग पूर्वी सिंहभूम के मनोचिकित्सक डॉ. दीपक कुमार गिरी, डॉ. महेश हेम्ब्रम, डॉ. सुकांता सीट, डॉ. फटिक पाल, डॉ. वी.आर.के. सिन्हा, डॉ. भोगन हेम्ब्रम, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सीएचसी चाकूलिया डॉ. रंजीत कुमार मुर्मू सहित प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सतीश कुमार वर्मा, डीडीएम दिलीप कुमार, डीपीसी हिकीम प्रधान, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं बीटीटी, एसटीटी, सहिया साथी, साहिया तथा चाकूलिया सीएचसी के समस्त स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

