ग्रामीणों तक पहुँचेगी कैंसर जाँच सेवा, RSB फाउंडेशन ने शुरू की मोबाइल यूनिट
सरायकेला-खरसावां | 4 फरवरी 2026


विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में ग्रामीण समुदायों के लिए एक अहम स्वास्थ्य पहल की शुरुआत की गई। आरएसबी फाउंडेशन की ओर से ‘कैंसर स्क्रीनिंग ऑन व्हील्स’ सेवा के तहत मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट को हरी झंडी दिखाकर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।
इस मोबाइल यूनिट का शुभारंभ सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित आरएसबी ट्रांसमिशन्स (इंडिया) लिमिटेड, यूनिट-1 परिसर में किया गया। कार्यक्रम में आरएसबी ट्रांसमिशन्स (इंडिया) लिमिटेड के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री एस. के. बेहरा तथा कंपनी की हेड-सीएसआर एवं आरएसबी फाउंडेशन की निदेशक श्रीमती प्रियंका बेहरा ने संयुक्त रूप से यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
करीब एक वर्ष के सतत प्रयास और विस्तृत योजना के बाद इस विशेष मोबाइल वैन को औपचारिक रूप से ग्रामीण समुदायों की सेवा के लिए समर्पित किया गया। इस अवसर पर आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन व समाजसेवी श्री एस. के. बेहेरा, कंपनी की डायरेक्टर एवं सीएसआर प्रमुख सुश्री प्रियंका बेहेरा, श्रीमती जया सिंह, एमटीएमएच के प्रशासनिक प्रमुख श्री अमिताभ चटर्जी, जमशेदपुर कैंसर सोसाइटी की वाइस चेयरपर्सन डॉ. सुजाता मित्रा, रोटरी क्लब के प्रेसिडेंट श्री अशोक झा सहित श्री अभिजीत मित्रा, श्री कमल अग्रवाल एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
यह मोबाइल यूनिट ‘कैंसर स्क्रीनिंग ऑन व्हील्स’ पहल के अंतर्गत प्रोजेक्ट सम्भावी का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर कैंसर जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है। इस पहल के माध्यम से कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रारंभिक पहचान द्वारा जीवन रक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यदि कैंसर की पहचान शुरुआती चरण में हो जाए, तो उपचार की सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। मोबाइल स्क्रीनिंग यूनिट के ज़रिये उन लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाई जाएँगी, जिनके लिए अस्पताल तक पहुँचना अब तक कठिन रहा है।
गौरतलब है कि आरएसबी फाउंडेशन “सेवा में विनम्रता” के मूल मंत्र के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। यह परियोजना भी समाज के प्रति इसी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
साझा प्रयासों की मिसाल
यह परियोजना कॉरपोरेट जगत, सामाजिक संस्थाओं और स्वास्थ्य संगठनों के बीच सफल समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
आरएसबी फाउंडेशन (CSR wing of RSB Transmissions I Ltd.), रोटरी क्लब, एमटीएमएच, टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से यह विज़न ज़मीनी स्तर पर साकार हो सका है।
ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर जांच और जागरूकता के माध्यम से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने की दिशा में यह पहल एक सार्थक और प्रेरणादायक कदम मानी जा रही है।

