Newsझारखण्ड

युवाओं को मोबाइल की लत से दूर करने की पहल, डाभा में 5 किमी मैराथन में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

बलरामपुर (पुरुलिया)। मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के बीच युवाओं को खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से डाभा सार्वजनीन दुर्गा पूजा कमेटी ने अनूठी पहल की। महाषष्ठी की सुबह आयोजित पांच किलोमीटर की मैराथन दौड़ में 500 से अधिक युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन के साथ ही क्षेत्र में दुर्गोत्सव की शुरुआत उत्साह और उमंग के माहौल में हुई।

 

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डाभा में आयोजित इस मैराथन को लेकर सुबह से ही लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। दौड़ दलदिरी गांव से शुरू होकर डाभा गांव तक पहुंची। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। आयोजकों का उद्देश्य युवाओं को मोबाइल और सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताने के बजाय खेलकूद, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना था।

 

मैराथन संपन्न होने के बाद पुरुलिया जिले के प्रसिद्ध समाजसेवी गौतम राय ने फीता काटकर दुर्गा पूजा उत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिथि भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के पुरुष और महिला वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

 

राम मंदिर की तर्ज पर बना पूजा मंडप बना आकर्षण

 

इस वर्ष डाभा सार्वजनीन दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा मंडप तैयार किया गया है। इसकी आकर्षक बनावट श्रद्धालुओं और दर्शकों का ध्यान खींच रही है। महाषष्ठी से ही मंडप को देखने के लिए स्थानीय लोगों के साथ पड़ोसी राज्य झारखंड से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

 

आयोजकों के अनुसार, दुर्गोत्सव के दौरान मैराथन के अलावा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामाजिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। कमेटी की इस पहल को युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने और समाज में स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

Share this news