Newsझारखण्ड

अवैध बालू तस्करी पर शिकंजा, गिरिडीह में खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

गिरिडीह जिले में अवैध बालू तस्करी के खिलाफ खनन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। मुफस्सिल थाना पुलिस और खनन विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल पांच ट्रैक्टर जब्त किए हैं, जो अवैध रूप से बालू ढोने में लगे हुए थे।

पहली कार्रवाई मटरुखा पंचायत से पीरटांड़ जाने वाले फतेहपुर पुल के पास की गई, जहां से बालू लदे तीन ट्रैक्टर पकड़े गए। इसके अलावा पालमो पंचायत और बंदरकूपी क्षेत्र के समीप से भी दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। अधिकारियों की टीम ने महतोडीह इलाके में भी छापेमारी की, जहां सैकड़ों ट्रैक्टरों के बराबर बालू अवैध रूप से डंप पाया गया।

छापेमारी की भनक लगते ही बालू तस्करी में शामिल लोग अपने वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पालमो और बराकर नदी क्षेत्र में भी जांच अभियान चलाया गया। जानकारी के अनुसार बराकर नदी तट से अवैध रूप से बालू का उठाव कर ट्रैक्टरों के माध्यम से धनबाद जिले की ओर तस्करी की जा रही थी।

खनन निरीक्षक विश्वनाथ उरांव ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। वहीं मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने स्पष्ट किया कि अवैध बालू तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *