चाईबासा नगर निकाय चुनाव में जनसंपर्क तेज, अध्यक्ष पद प्रत्याशी सुनील प्रसाद साव ने शुरू किया अभियान
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी अब पूरी तरह तेज हो गई है। शहर में अध्यक्ष पद के लिए कुल 9 प्रत्याशी मैदान में हैं और सभी अपने-अपने समर्थकों के साथ विभिन्न वार्डों, चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुनील प्रसाद साव ने अपना पहला जनसंपर्क अभियान शुरू किया।


सुनील प्रसाद साव ने वार्ड नंबर 20 से अपने अभियान की शुरुआत की। इसके बाद वे कपड़ा पट्टी, सदर बाजार सहित शहर के प्रमुख इलाकों में पहुंचे और आम लोगों से रूबरू होकर उनसे समर्थन और आशीर्वाद मांगा। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद किया और शहर से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की।
उन्होंने जनता से वादा किया कि यदि उन्हें अध्यक्ष बनने का अवसर मिला तो जोड़ा तालाब को एक सुंदर पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। गरीब और जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई के लिए विशेष व्यवस्था करने का भी उन्होंने भरोसा दिलाया। सुनील साहू ने कहा कि चाईबासा शहर में कई समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, जिनमें आए दिन लगने वाला जाम, गंदगी और बुनियादी सुविधाओं की कमी प्रमुख हैं।
इन सभी समस्याओं को दूर करना उनकी प्राथमिकता होगी।
जनसंपर्क अभियान के दौरान संवाददाताओं से बातचीत करते हुए सुनील साहू ने कहा कि जहां-जहां वे जा रहे हैं, वहां लोगों की उम्मीदें उनसे जुड़ती नजर आ रही हैं। जनता उत्साह के साथ उनका समर्थन करने की बात कह रही है। उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य केवल चाईबासा के विकास में योगदान देना है, जिसके लिए वे पिछले कई वर्षों से लगातार प्रयास करते आ रहे हैं।
इस जनसंपर्क अभियान में उनके साथ सैकड़ों की संख्या में समर्थक मौजूद रहे। पूरे अभियान के दौरान माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा और लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए।

