Newsझारखण्ड

समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना को लेकर जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना–सह–कृषक पाठशाला के सतत अनुश्रवण के लिए गठित जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी–सह–उपायुक्त चंदन कुमार ने की।

 

बैठक के प्रारंभ में जिला कृषि पदाधिकारी अमरजीत कुजूर ने जानकारी दी कि समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना–सह–कृषक पाठशाला का संचालन वर्ष 2025–26 में बीज गुणन प्रक्षेत्र, मनोहरपुर प्रखंड में किया जाना है। इसके लिए कृषि निदेशालय, रांची स्तर से कार्यकारिणी एजेंसी के रूप में स्टारलाइट इंटरनेशनल चेरिटेबल सोसायटी, लातेहार को कार्यादेश निर्गत किया गया है।

 

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कार्यकारिणी एजेंसी के माध्यम से प्रतिनियुक्त कर्मियों, उनके दायित्वों तथा संलग्न डीपीआर का बिंदुवार अवलोकन किया। उन्होंने योजना के तहत कृषक पाठशाला, मनोहरपुर (कृषि प्रक्षेत्र) के संचालन के लिए तैयार कार्य योजनाओं की समीक्षा की।

 

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी संचालित कृषक पाठशालाओं के परिधि अंतर्गत बिरसा ग्रामों का बेसलाइन सर्वे किया जाए। सर्वे के उपरांत किसानों की आवश्यकता के अनुसार राज्यादेश में निहित प्रावधानों के तहत प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रत्येक बिरसा ग्राम में उच्च मूल्य वाली फसलों का प्रत्यक्षण कराने का भी निर्देश दिया गया।

 

इसके अलावा कृषक पाठशाला में कृषि एवं कृषि से संबंधित गतिविधियों के संचालन में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर समय पर कार्य पूर्ण करने का निर्देश कार्यकारिणी एजेंसी को दिया गया। वहीं जिला कृषि पदाधिकारी को समय-समय पर संचालित सभी कृषक पाठशालाओं का सतत निरीक्षण एवं अनुश्रवण करने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी अमिता कुमारी, कार्यकारिणी एजेंसी के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *