Newsझारखण्ड

वार्ड 14 में पार्षद प्रत्याशी चंदन कुमार विश्वकर्मा के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी पूरी तरह तेज हो गई है। अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के साथ-साथ वार्ड पार्षद पद के सभी प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में वार्ड संख्या 14 से वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवार चंदन कुमार विश्वकर्मा ने अपने चुनावी कार्यालय का उद्घाटन मधु बाजार में किया।

 

चुनावी कार्यालय का उद्घाटन वरिष्ठ अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता निरंजन प्रसाद साव ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्ड के महिला-पुरुष और समर्थक उपस्थित थे। उद्घाटन के दौरान निरंजन प्रसाद साव ने कहा कि वे चंदन कुमार विश्वकर्मा को व्यक्तिगत रूप से जानते हैं। उन्होंने कहा कि चंदन एक होनहार, समाजसेवी और जरूरतमंदों की मदद करने वाले युवा उम्मीदवार हैं। उन्हें विश्वास है कि वार्ड की जनता चंदन कुमार विश्वकर्मा को अपना समर्थन देगी और वे वार्ड 14 से विजय प्राप्त करेंगे।

 

वहीं, प्रत्याशी चंदन कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि उनका जनसंपर्क अभियान लगातार तेज गति से चल रहा है और उन्हें जनता का अच्छा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि उनके प्रमुख मुद्दों में वार्ड की नालियों में जलजमाव की समस्या का समाधान, मनोरंजन के लिए पार्क की व्यवस्था, संध्या मार्केट क्षेत्र में महिलाओं के लिए शौचालय निर्माण शामिल है। इसके साथ ही उन्होंने वार्ड क्षेत्र में रहने वाले झोपड़पट्टीवासियों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पुनर्वास की व्यवस्था कराने की बात भी कही।

 

चंदन कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो वे वार्ड के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करेंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष मौजूद रहे, जिन्होंने प्रत्याशी के प्रति समर्थन जताया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *