LatestNewsNews postझारखण्ड

तांतनगर में सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत, वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): झारखंड में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच पश्चिम सिंहभूम जिले के तांतनगर ओपी क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। बुधवार की देर संध्या तूईबाना गांव में सड़क दुर्घटना में 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

 

मृतक की पहचान विनोद गागराई के रूप में हुई है। वह टोंटो प्रखंड के लिसीमोती गांव का निवासी था। विनोद गागराई, मंगल सिंह गागराई का पुत्र था। जानकारी के अनुसार वह इन दिनों तांतनगर ओपी क्षेत्र के तूईबाना में अपने बड़े भाई नरेश पूर्ति के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था।

 

घटना के संबंध में बड़े भाई नरेश पूर्ति ने बताया कि बुधवार शाम विनोद अपने मित्र घनश्याम पूर्ति के साथ सड़क किनारे घूम रहा था। इसी दौरान तांतनगर से चाईबासा की ओर आ रही एक टाटा मैजिक वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विनोद के सिर में गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।

 

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे तुरंत सदर अस्पताल, चाईबासा ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।

 

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। तांतनगर ओपी पुलिस दुर्घटना में शामिल टाटा मैजिक वाहन की तलाश कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

घटना के बाद गांव और परिजनों में शोक का माहौल है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *