Newsझारखण्ड

चाईबासा में नगर परिषद चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज, प्रत्याशी चला रहे सघन जनसंपर्क अभियान  

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में गतिविधियां तेज हो गई हैं। चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कुल नौ उम्मीदवार मैदान में हैं, जो अपने-अपने समर्थकों के साथ विभिन्न वार्डों, मोहल्लों, चौक-चौराहों और मलिन बस्तियों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।

 

अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव महिला एवं पुरुष समर्थकों के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। वे छोटी-छोटी बैठकों के माध्यम से अपना विजन साझा कर रहे हैं और लोगों की समस्याएं सुनकर समाधान का आश्वासन दे रहे हैं। उनकी धर्मपत्नी आशा प्रसाद भी महिला संगठन के साथ विभिन्न वार्डों में जाकर उनके पक्ष में मतदान की अपील कर रही हैं।

 

भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू के समर्थन में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क किया तथा टुंगरी में चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू भी मौजूद रहीं।

 

बड़कुंवर गागराई ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नगर निकाय चुनाव लंबे अंतराल के बाद हो रहा है और शहर की स्थिति में सुधार की आवश्यकता है।

 

अध्यक्ष पद के उम्मीदवार नितिन प्रकाश भी समर्थकों के साथ वार्डों में जनसंपर्क कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे लिखित रूप में समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करेंगे। वहीं देवी शंकर दत्ता उर्फ काबू दत्ता भी अपने समर्थकों के साथ प्रचार में जुटे हैं।

 

इसके अलावा अनूप सुल्तानिया, राधा मोहन बनर्जी, मोहम्मद सलीम, नितेश दोदराजका और फैयाज खान उर्फ बल्लू खान भी अपने-अपने मुद्दों के साथ चुनाव प्रचार में सक्रिय हैं।

 

शहर में लगातार सभाएं, पदयात्राएं और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। चुनाव को लेकर मतदाताओं में भी उत्सुकता देखी जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *