एमबीएनएस इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन में बी.एड (2025-27) फ्रेशर्स का भव्य स्वागत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच दिया गया प्रेरणा का संदेश
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गीत के साथ हुई। संस्थान के अध्यक्ष श्री विवेक सिंह ने अपने संबोधन में नवप्रवेशी छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह आधार है, जो व्यक्ति के व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण करती है। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, समर्पण और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा दी।



संस्थान की निदेशक श्री अनुपा सिंह ने कहा कि बी.एड केवल एक डिग्री नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे एक आदर्श शिक्षक बनने का संकल्प लें और समाज निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
मुख्य अतिथि श्री शबा आलम अंसारी ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास करने की सलाह दी। वहीं मेंटर एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री राम केवल सिंह ने छात्रों को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बी.एड सेमेस्टर-1 (2025-2027), सेमेस्टर-2 (2024-2026) एवं सेमेस्टर-4 (2023-2025) के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान नृत्य, गीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता श्री सतेन्द्र बालाजी, व्यवसायी श्री बिजय सिंह, शिक्षा विशेषज्ञ श्री गौरव शर्मा तथा सेवानिवृत्त टाटा कर्मचारी श्री अजय ठाकुर भी मौजूद रहे। साथ ही करीम सिटी कॉलेज, जमशेदपुर की शिक्षा विभाग की प्रिंसिपल डॉ. सुचिता भुयान ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष श्री विवेक सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा नवप्रवेशी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। फोटो सेशन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
फ्रेशर पार्टी के माध्यम से संस्थान ने न केवल नए छात्रों का आत्मीय स्वागत किया, बल्कि उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित भी किया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और सभी ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया।

