पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने किया समर्थन, नगर परिषद अध्यक्ष प्रत्याशी रमेश खिरवाल का अलग अंदाज में जनसंपर्क
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद के भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश खिरवाल का जनसंपर्क अभियान बुधवार को अलग अंदाज में देखने को मिला। उन्होंने मंगल हाट, पुलिस लाइन रोड, हिंद चौक कुम्हार टोली और बस स्टैंड क्षेत्र का दौरा कर आम लोगों से सीधा संवाद किया और समर्थन की अपील की।


इसी क्रम में पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां चाईबासा स्थित खिरवार धर्मशाला में बने चुनावी कार्यालय पहुंचे। वहां उनका स्वागत पूर्व सांसद गीता कोड़ा और जिला अध्यक्ष गीता बालमुचु ने गुलदस्ता देकर किया।

इसके बाद दुलाल भुइयां का कार्यक्रम मछुआ बस्ती, नीमडीह में आयोजित हुआ। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रमेश खिरवाल एक कर्मठ और जमीनी उम्मीदवार हैं, जो जनभावनाओं को समझते हैं। उन्होंने लोगों से बिस्किट छाप, क्रमांक 6 पर मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।
सभा में उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत से दलित समुदाय को लाभ मिलेगा और भारतीय जनता पार्टी ही दलितों और आदिवासियों के हितों की सच्ची रक्षक है। साथ ही उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्र में मंत्री रहते हुए अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो सके, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

