अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26: मिडिलसेक्स क्रिकेट क्लब चाईबासा चैंपियन, सेरसा चक्रधरपुर को पांच विकेट से हराया
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): 10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के फाइनल मुकाबले में मिडिलसेक्स क्रिकेट क्लब चाईबासा ने सेरसा चक्रधरपुर को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी टीम ने फाइनल में 300 से अधिक रनों का सफल पीछा करते हुए जीत दर्ज की है।


पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चाईबासा स्थित बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में एमसीसी चाईबासा के कप्तान अनुराग संजय पुर्ति ने टॉस जीतकर सेरसा चक्रधरपुर को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सेरसा चक्रधरपुर ने निर्धारित 35 ओवर में आठ विकेट पर 327 रन बनाए, जो फाइनल का अब तक का सर्वाधिक स्कोर रहा। टीम की ओर से सत्यम त्रिपाठी ने 12 चौके और सात छक्के की मदद से 117 रनों की शानदार पारी खेली। गौतम सुना ने 50, ज्ञान रंजन नायक ने 29, अमित दास नाबाद रहे, डेविड सांगा ने 25 और दीपक यादव ने 23 रन बनाए। एमसीसी की ओर से आदित्य पुष्कर ने चार विकेट लिए। विशाल सिंह ने दो, जबकि रौशन कुमार और ललित सिंह ने एक-एक विकेट हासिल किया।

328 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमसीसी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 72 रन पर शिवम कुमार (23) और जयप्रकाश राजपूत (0) आउट हो गए। 139 रन तक चार शीर्ष बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद कप्तान अनुराग संजय और ललित सिंह ने पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 148 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
अनुराग संजय ने सात चौके और तीन छक्के की मदद से 75 रन बनाए। 287 रन के स्कोर पर उनका विकेट गिरा। इसके बाद ललित सिंह और रौशन कुमार ने नाबाद 41 रनों की साझेदारी कर टीम को 32.3 ओवर में 328 रन तक पहुंचाया। ललित सिंह ने छह चौके और पांच छक्के की मदद से नाबाद 88 रन बनाए, जबकि रौशन कुमार 29 रन बनाकर नाबाद रहे।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेंब्रम ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए ललित सिंह को प्लेयर ऑफ द फाइनल चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में 4 मैचों में 266 रन बनाने वाले कुमार करण को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला, जबकि 4 मैचों में 13 विकेट लेने वाले आदित्य पुष्कर को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब दिया गया।
संघ ने प्रतियोगिता में अंपायरिंग और स्कोरिंग करने वाले सभी अंपायरों और स्कोररों को भी सम्मानित किया। बेहतरीन आउटफील्ड और विकेट तैयार करने के लिए ग्राउंड्समैन शिवा लामा और पिंटु सामड को सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह का संचालन कोषाध्यक्ष सुप्रियो फौजदार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने दिया।

