सरायकेला थाना का एसपी निधि द्विवेदी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताई संतुष्टि, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश

सरायकेला,



जिले की नई पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने सोमवार को सरायकेला थाना का औचक निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था एवं प्रशासनिक कार्यों का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना प्रभारी विनय कुमार से अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की स्थिति तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
एसपी ने थाना परिसर में स्थित अनुसूचित जाति-जनजाति थाना, महिला थाना, थाना हाजत, आगंतुक कक्ष एवं बाल मित्र थाना का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए थाना की कार्यप्रणाली की सराहना की।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने विशेष रूप से बाल मित्र थाना को और अधिक चाइल्ड फ्रेंडली बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए रंगीन सजावट, मैट बिछाने सहित अन्य आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि बच्चों को सहज एवं सुरक्षित माहौल मिल सके।
इसके पश्चात आयोजित समीक्षा बैठक में एसपी निधि द्विवेदी ने सभी लंबित मामलों की समीक्षा की और उन्हें शीघ्र निष्पादन करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिसिंग में तेजी और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

