बच्चा चोरी की अफवाह फैलाने वालों और मारपीट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : थाना प्रभारी
राजनगर:- इन दिनों सोशल मीडिया पर बच्चा चोरी की अफवाहों का बाजार गर्म है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर कुछ लोग बिना सत्यापन के ऐसी खबरें साझा कर रहे हैं, जिससे आम लोगों में डर और आक्रोश का माहौल बन रहा है। इन अफवाहों के कारण कई निर्दोष लोग भीड़ का शिकार बन रहे हैं।


राजनगर थाना क्षेत्र में भी दो दिन पहले ऐसा ही एक मामला सामने आया, जब बच्चा चोरी की अफवाह के आधार पर कुछ लोगों ने एक निर्दोष महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट कर दी। , मामला जब थाना पहुंचा तो जांच में स्पष्ट हुआ कि राजनगर थाना क्षेत्र में कहीं भी बच्चा चोरी की कोई घटना दर्ज नहीं हुई है और न ही किसी बच्चे के चोरी होने की शिकायत मिली है।
वहीं आज एक विछिप्त भी इसी अपवाह का शिकार हुआ, समय रहते राजनगर पुलिस ने विछिप्त को बचा लिया।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपुष्ट खबरों के आधार पर लोग किसी को भी बच्चा चोर समझकर उसके साथ मारपीट करने लग रहे हैं, जो कि कानूनन अपराध है।
इस पूरे मामले को लेकर राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने गंभीरता दिखाते हुए आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों को बिना जांचे-परखे साझा न करें।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी अफवाह के कारण किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ मारपीट या कोई अप्रिय घटना होती है, तो मारपीट करने वालों और अफवाह फैलाने या उकसाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

