Newsझारखण्ड

जे० एस० सी० ए० अंतर जिला महिला अंडर-23 क्रिकेट प्रतियोगिता कल से

 

झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में अंतर जिला महिला अंडर-23 क्रिकेट प्रतियोगिता कल से प्रारंभ होने जा रहा है। ग्रुप लीग कम नाक आउट आधार पर खेले जाने वाले इस प्रतियोगिता में झारखंड के कुल सोलह जिले की टीम भाग ले रही हैं। जे एस सी ए द्वारा जारी टाई सीट के अनुसार ग्रुप-ए में गत वर्ष की चैंपियन टीम बोकारो के साथ सिमडेगा, खूँटी एवं रामगढ़ को रखा गया है जिसके सारे मैच चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले जाएंगे। इसी तरह ग्रुप-बी में गत वर्ष की उपविजेता टीम राँची के साथ लोहरदगा, हजारीबाग एवं गुमला को रखा गया है जिसके सारे मैच हजारीबाग के संजय सिंह स्टेडियम में होंगे। इसी तरह ग्रुप-सी में धनबाद, जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां एवं पश्चिमी सिंहभूम की टीम हैं जिसके सभी मैच कीनन स्टेडियम जमशेदपुर में खेले जाएंगे तथा ग्रुप-डी के सारे मैच जिसमें मेजबान देवघर के अलावे पाकुड़, गिरिडीह एवं कोडरमा शामिल है, के० के० एन० स्टेडियम देवघर में आयोजित होंगे।

पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि कल से शुरू होने वाले इस प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। टी-20 के तर्ज पर खेले जाने वाले इस प्रतियोगिता में प्रतिदिन दो मैच खेले जाएंगे। पहला मैच पूर्वाह्न नौ बजे से तथा दूसरा मैच अपराह्न एक बजे से खेला जाएगा। जिला क्रिकेट संघ के महासचिव ने बताया कि सभी मैचों का स्कोरिंग आन लाइन होगा जिसे *क्रिकहीरोस* के ऐप पर लाईव देखा जा सकता है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली चारों टीमें चाईबासा पहुँच चुकी है। मैच के दोनों अंपायर राँची के प्रशांत कुमार एवं देवघर के अभिषेक आनंद तथा मैच पर्यवेक्षक राँची के मनोज सिंह भी चाईबासा पहुँच चुके हैं।

चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर ग्रुप – ए के छः लीग मैच के अलावे एक क्वार्टर फाईनल, दोनो सेमी फाईनल तथा फाईनल मैच भी आयोजित होंगे। कल से प्रारंभ हो रहे इस प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच प्रातः 9:00 बजे से बोकारो एवं खूँटी के बीच खेला जाएगा। कल ही अपराह्न 1:00 बजे से सिमडेगा का मुकाबला रामगढ़ से होगा। इसी तरह 24 मार्च को पूर्वाह्न 9 बजे सिमडेगा का मुकाबला खूँटी से तथा अपराह्न एक बजे बोकारो का मुकाबला रामगढ़ से होगा। अंतिम लीग मैच में 25 मार्च को पूर्वाह्न नौ बजे रामगढ़ का मुकाबला खूँटी से तथा अपराह्न एक बजे बोकारो का मुकाबला सिमडेगा से होगा। पहला क्वार्टर फाईनल मैच 27 मार्च को पूर्वाह्न नौ बजे, दोनों सेमीफाईनल मैच 29 मार्च को तथा फाईनल मैच 31 मार्च को अपराह्न एक बजे से खेला जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *