सम्मान समारोह में गूंजा समाज सेवा का संदेश, मनोज चौधरी बोले – समाज का गौरव बढ़ाना ही लक्ष्य

रांची:


झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन एवं मारवाड़ी सहायक समिति के संयुक्त तत्वावधान में रांची स्थित मारवाड़ी भवन के सभागार में नगर निकाय चुनाव में विजयी जनप्रतिनिधियों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेयर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों को सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल एवं रांची के पूर्व मेयर संजीव विजयवर्गीय उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर यूपीएससी की सफल अभ्यर्थी ईशा जैन, मानगो की मेयर सुधा गुप्ता, सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधि और समाज के पदाधिकारी शामिल हुए।
इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, सचिव विनोद जैन, मारवाड़ी सहायक समिति के अध्यक्ष पवन शर्मा, संयोजक सुभाष पटवारी एवं ओमप्रकाश अग्रवाल ने समाज के विकास और एकजुटता पर जोर देते हुए जनसेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
सम्मानित होने के बाद अपने संबोधन में सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि समाज से मिला यह सम्मान उनके जीवन का अविस्मरणीय पल है। उन्होंने समाज के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें नेतृत्व का जो अवसर मिला है, वे उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे समाज का नाम कभी नीचे नहीं होने देंगे और अपने कार्यों से समाज का गौरव बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
कार्यक्रम में अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज के सर्वांगीण विकास पर बल दिया। समारोह का संचालन मारवाड़ी सम्मेलन के महासचिव द्वारा किया गया।
अंत में मारवाड़ी सम्मेलन एवं मारवाड़ी सहायक समिति की ओर से सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार प्रकट किया गया।

