पोटका थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा: खड़े हाईवा से टकराया टेंपो, चालक की मौत, आरोपी फरार

जमशेदपुर/पोटका:


पोटका थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई। हादसा NH-220 पर छोटानागपुर कॉलेज के पास स्थित रितिका ढाबा के समीप हुआ, जहां एक तेज रफ्तार टेंपो सड़क किनारे खड़े हाईवा से जा टकराया।
मिली जानकारी के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत एदल गांव निवासी चोनडी नंदी उर्फ डोमा नंदी (38) टेंपो (संख्या JH05J5008) से पोटका के भूमरी नवकुंज से लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10 बजे उनका वाहन सड़क किनारे खड़े हाईवा से पीछे से टकरा गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल, जमशेदपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, मृतक अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके घर में वृद्ध माता-पिता हैं और हाल ही में उनकी शादी होने वाली थी। इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार हाईवा चालक की तलाश में जुट गई है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

