HPV वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत, 14 वर्ष से अधिक उम्र की लड़कियों के लिए पूरी तरह सुरक्षित: सिविल सर्जन

पूर्वी सिंहभूम जिला सदर अस्पताल परिसर में गुरुवार को HPV वैक्सीनेशन अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने दीप प्रज्वलित कर इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि HPV वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और 14 वर्ष की उम्र से सभी लड़कियों को इसका टीकाकरण कराया जाना आवश्यक है। यह भारत सरकार द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम है।


जिला RCH पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा ने जानकारी दी कि यह वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से सुरक्षा देती है और इसके संबंध में किसी भी तरह की शंका या भय की आवश्यकता नहीं है।
डॉ. मिताली घोष ने कहा कि HPV वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से लड़कियों और महिलाओं को सुरक्षित रखने में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 14 वर्ष की आयु पार कर चुकी बेटियों को अवश्य यह टीका दिलाएँ।
एनसीडी कार्यक्रम से जुड़े डॉ. मृत्युंजय धाउड़िआ ने बताया कि यह वैक्सीन 90% से अधिक मामलों में सर्वाइकल कैंसर तथा अन्य HPV-संबंधित कैंसर के जोखिम को कम करती है। उन्होंने सलाह दी कि टीकाकरण के बाद बच्चों को 20-30 मिनट तक आराम करने दिया जाए। वैक्सीनेशन के दिन भारी व्यायाम से भी बचने की हिदायत दी गई।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि भारत में उपलब्ध HPV वैक्सीन का व्यापक अध्ययन किया गया है और यह अत्यंत असरदार एवं सुरक्षित पाई गई है।

कार्यक्रम के दौरान तीन बच्चियों को वैक्सीन की पहली खुराक दी गई तथा उन्हें टीकाकरण प्रमाण पत्र भी सौंपा गया।
इस अवसर पर डॉ. राजीव लोचन महतो, हकीम प्रधान, कुंदन कुमार समेत कई स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।

