जमशेदपुर में AISMJWA प्रदेश मुख्यालय का उद्घाटन, पत्रकार हित में बनेगा केंद्र

जमशेदपुर: ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (AISMJWA) के प्रदेश मुख्यालय कार्यालय का उद्घाटन रविवार को जमशेदपुर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेवी सह रिफ्यूजी कॉलोनी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन हरमिंदर सिंह मिंदी, एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया, बंगाल प्रभारी अरूप मजूमदार, झारखंड प्रभारी शंकर गुप्ता एवं पत्रकार अन्नी अमृता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।


उद्घाटन समारोह के पश्चात आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया ने कहा कि झारखंड में पत्रकारों से जुड़े सभी महत्वपूर्ण कार्यों का संचालन अब जमशेदपुर स्थित प्रदेश मुख्यालय से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए ठोस रणनीति तैयार की जा सके।
समाजसेवी एवं राष्ट्रीय सलाहकार हरमिंदर सिंह मिंदी ने कहा कि वे संगठन और विशेष रूप से प्रीतम सिंह भाटिया के प्रयासों से प्रभावित होकर सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। इस अवसर पर उन्हें राष्ट्रीय सलाहकार परिषद का सदस्य बनाए जाने की घोषणा भी की गई।
प्रदेश प्रभारी शंकर गुप्ता ने कहा कि संगठन पिछले 15 वर्षों से पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय है और आगे भी उनकी आवाज मजबूती से उठाता रहेगा। उन्होंने पत्रकारों के लिए पेंशन, सुरक्षा एवं बीमा जैसे मुद्दों पर संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई।
बंगाल प्रभारी अरूप मजूमदार ने कहा कि संगठन को झारखंड एवं पश्चिम बंगाल में और मजबूत बनाने के लिए कई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। वहीं पत्रकार अन्नी अमृता ने कहा कि संगठन के आंदोलन का सकारात्मक प्रभाव झारखंड में दिखाई दे रहा है और नए कार्यालय के खुलने से संगठन को और मजबूती मिलेगी।
इस मौके पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रविंद पांडेय, उपाध्यक्ष अरुण मांझी, प्रदेश सचिव चरणजीत सिंह, रांची प्रमंडल प्रभारी दिनेश बनर्जी, कोल्हान प्रमंडल प्रभारी अजय महतो, सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष दशरथ प्रधान, सचिव दीपक महतो, नवीन प्रधान, हरदीप सिंह, मनिंदर सिंह, अमनदीप सिंह सहित अन्य कई पत्रकार उपस्थित थे।

