Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में गैस संकट पर बवाल: झामुमो नेता ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप, कालाबाजारी का दावा

सरायकेला: जिले में रसोई गैस की कमी और वितरण व्यवस्था को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा व्यवसाय मोर्चा के जिला अध्यक्ष हरिहर लोहार ने इस मुद्दे पर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर पाने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद कई लोगों को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है। दूसरी ओर होटल और ढाबों में अधिक कीमत पर सिलेंडर बेचे जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

लोहार का आरोप है कि गरीब और मध्यम वर्ग की महिलाएं 5 से 6 घंटे तक लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने इसे कालाबाजारी का मामला बताते हुए कहा कि कुछ लोगों की मिलीभगत से घरेलू गैस का दुरुपयोग हो रहा है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही गैस एजेंसियों की व्यवस्था को दुरुस्त कर आम उपभोक्ताओं को पारदर्शी तरीके से सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।

लोहार ने यह भी चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो झामुमो व्यवसाय मोर्चा जनता के साथ मिलकर आंदोलन करने को मजबूर होगा।

Share this news