रामगढ़ में दिनदहाड़े लूट, ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़कर पीटा

रामगढ़। जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक ज्वेलरी दुकान में हथियारबंद लुटेरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बताया जाता है कि पांच की संख्या में आए अपराधियों ने शिव शंकर नामक आभूषण दुकान को निशाना बनाया और हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दिया।


लूट के बाद भाग रहे बदमाशों में से दो को स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए खदेड़कर पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. उदय कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, दोनों घायलों के सिर और पीठ पर गंभीर चोट के निशान हैं, जो लाठी-डंडों से पिटाई के कारण आए हैं। फिलहाल दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीन अन्य आरोपी लूट का सामान लेकर फरार हो गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।


