बीमार युवक के इलाज के लिए आगे आया प्रशासन, डीसी की पहल से दिल्ली में होगा उपचार

बोकारो। जिले में प्रशासनिक संवेदनशीलता की एक मिसाल सामने आई है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने गंभीर रूप से बीमार युवक के इलाज को लेकर त्वरित पहल करते हुए उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था कराई है।


जानकारी के अनुसार, जरीडीह प्रखंड के बक्सपुरा गांव निवासी अवधेश कुमार राय अपने 25 वर्षीय पुत्र अंकित की गंभीर बीमारी को लेकर उपायुक्त के जनता दरबार में पहुंचे थे। अंकित मल्टी ऑर्गन से जुड़ी गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। पिता की व्यथा सुनते ही उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए।
जिला प्रशासन की पहल पर अंकित के इलाज के लिए दिल्ली स्थित एक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है कि मरीज के रवाना होने से पहले सभी जरूरी चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। रेलवे प्रशासन को भी बोकारो स्टेशन पर प्रतीक्षालय में आवश्यक सुविधाएं देने और यात्रा के दौरान सहयोग सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इस बीच उपायुक्त अजय नाथ झा और उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार स्वयं अंकित के घर पहुंचे। उन्होंने युवक के स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया। अधिकारियों ने अंकित को सकारात्मक बने रहने और हिम्मत नहीं हारने की सलाह दी।
उपायुक्त ने युवक से कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी मजबूत मनोबल बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरा प्रशासन उसके साथ खड़ा है और उसके बेहतर इलाज के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने अंकित के माता-पिता को भी ढांढस बंधाते हुए आश्वस्त किया कि इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन की इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

