Newsझारखण्डसरायकेला

बकरीद को लेकर नीमडीह व तिरुलडीह थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित

 

 

नीमडीह/तिरुलडीह : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को नीमडीह एवं तिरुलडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

 

नीमडीह थाना परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चांडिल ने की। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी, नीमडीह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

वहीं कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत तिरुलडीह थाना परिसर में भी बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अंजुमन कमिटी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी ने आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने का संयुक्त निर्णय लिया।

 

बैठक में पुलिस निरीक्षक चांडिल ने स्थानीय लोगों एवं अंजुमन कमिटियों से अपील करते हुए कहा कि पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की।

 

मौके पर कुकड़ू प्रखंड प्रमुख प्रतिमा वाला पातर, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साव, मुखिया सुधीर सिंह, मुखिया प्रतिनिधि रामलाल सिंह, इंद्रजीत महतो, मनोज माछुआ, विजय कोयरी सहित अंजुमन कमिटी के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Share this news