Newsझारखण्डसरायकेला

समाजसेवी हरेलाल महतो ने पेश की मानवता की मिसाल, अस्पताल की पेयजल समस्या कराई दूर

कुकड़ू : भीषण गर्मी के बीच कुकड़ू प्रखंड के डाटम स्थित ट्रेडिशनल हेल्थ केयर चिकित्सालय में उत्पन्न पेयजल संकट को समाजसेवी एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने तत्परता दिखाते हुए दूर कराया। उनके इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार चिकित्सालय परिसर में लगा एकमात्र चापानल खराब हो जाने के कारण मरीजों, उनके परिजनों तथा चिकित्सकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। भीषण गर्मी में पीने के पानी की किल्लत से लोगों की स्थिति दयनीय हो गई थी। अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा था।

इस समस्या को लेकर ट्रेडिशनल हेल्थ केयर के डॉ. संजीवन महतो ने आजसू पार्टी के कुकड़ू प्रखंड अध्यक्ष अरुण महतो से संपर्क कर सहायता की मांग की। इसके बाद अरुण महतो ने मामले की जानकारी केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो को दी।

सूचना मिलते ही हरेलाल महतो ने बिना देर किए मिस्त्री भेजकर चिकित्सालय परिसर स्थित चापानल की मरम्मत करवाई। चापानल ठीक होने के बाद अस्पताल में पेयजल व्यवस्था फिर से सुचारू हो गई, जिससे मरीजों और चिकित्सकों ने राहत की सांस ली।

इस अवसर पर डॉ. संजीवन महतो ने हरेलाल महतो के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली सहायता से अस्पताल की बड़ी समस्या का समाधान हो गया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस पहल को मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण बताया।

Share this news