Newsझारखण्डसरायकेला

चांडिल अनुमंडल में बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में सौहार्द बनाए रखने की अपील

 

 

चांडिल 

 25 मई : आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को चांडिल अनुमंडल मुख्यालय सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी विकास राय ने की। बैठक में प्रशासनिक पदाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ विकास राय ने कहा कि बकरीद के दौरान धार्मिक परंपराओं का पालन करें, लेकिन साथ ही कानूनी प्रावधानों का भी पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कुर्बानी के बाद जानवरों के अवशेषों को खुले में न फेंककर जमीन में दफन किया जाए, ताकि स्वच्छता एवं सामाजिक सौहार्द बना रहे।उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि आस्था के नाम पर गाय अथवा गौवंश की कुर्बानी या हत्या किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। झारखंड सरकार के वर्ष 2005 के अधिनियम का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि गौ हत्या कानूनन अपराध है और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।बैठक में एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने लोगों से अफवाहों और भ्रामक प्रचार से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग पर्व-त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान नवपदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता भी बैठक में मौजूद रहे। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए कहा कि पर्व-त्योहार सामाजिक सौहार्द और एकता का प्रतीक हैं, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share this news