बकरीद को लेकर राजनगर थाना में शांति समिति की बैठक संपन्न

राजनगर: आगामी 28 मई को मनाए जाने वाले मुस्लिम समुदाय के प्रमुख पर्व बकरीद को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर राजनगर थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने की. इस दौरान सर्किल इंस्पेक्टर संजय प्रसाद, अंचलाधिकारी श्रवण कुमार, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे.



बैठक में सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील की गई. अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक खबरों से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को जानकारी देने की बात कही. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी. वहीं उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को सहयोग करने का भरोसा दिलाया.
ज्ञात हो कि राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शोभपुर गांव मुस्लिम समुदाय का प्रमुख गांव है, जहां हर वर्ष बकरीद का पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मनाया जाता है. बैठक में शोभपुर गांव से भी कई गणमान्य लोग शामिल हुए और शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने का संकल्प लिया.
बैठक के अंत में सभी ने एक स्वर में सामाजिक सौहार्द, भाईचारा और आपसी प्रेम बनाए रखने का संदेश दिया.

