Newsझारखण्ड

सरायकेला छऊ नृत्य दल पहुंचे IIT खड़कपुर, 11वीं अंतर्राष्ट्रीय कला अधिवेशन 2026 में देंगे प्रस्तुति और कार्यशाला

सरायकेला : स्थानीय संस्था आचार्य छऊ नृत्य विचित्रा, सरायकेला के कलाकार 11वीं अंतर्राष्ट्रीय कला अधिवेशन 2026 में भाग लेने हेतु पश्चिम बंगाल के खड़कपुर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्था (IIT) पहुंचे। इस महोत्सव का आयोजन स्पीक मेके, नई दिल्ली और IIT खड़कपुर द्वारा किया जा रहा है।

 

संस्था के सह-निर्देशक डॉक्टर रंजीत आचार्य ने बताया कि पद्मश्री गुरु शशधर आचार्य के नेतृत्व में कलाकारों का दल दिनांक 25 मई 2026 से 31 मई 2026 तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में कार्यशाला और प्रस्तुति देगा। कार्यशाला में सरायकेला छऊ नृत्य की जानकारी देश-विदेश से आए प्रशिक्षुओं को दी जाएगी।

 

संस्था द्वारा 26 मई 2026 से सरायकेला छऊ की प्रस्तुति दी जाएगी। इस प्रस्तुति में राधा-कृष्ण, मयूर, कोचदेवदानी, चंद्रभागा, फूल वसंत, रात्रि आदि नृत्य शामिल होंगे।

 

पद्मश्री गुरु शशधर आचार्य के साथ इस दल में सुकांत आचार्य, रंजीत आचार्य, उदित प्रताप सिंह, देव सतीश कुमार मोदक, गोविंद महतो, विश्वनाथ कुंभकार, राजेश गोप और चंद्रनारायण मोहंती शामिल हैं।

 

डॉक्टर रंजीत आचार्य ने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन और महोत्सव देश-विदेश के नामचीन कलाकारों के लिए प्रस्तुति और कार्यशाला का मंच है। इस महाधिवेशन में भारतभर से 300 से अधिक पद्मश्री, पद्भूषण और पद्मविभूषण पुरस्कार से सम्मानित कलाकार भाग ले रहे हैं।

 

संस्था का लक्ष्य इस कार्यक्रम के माध्यम से सरायकेला छऊ नृत्य की समृद्ध परंपरा और कला को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाना है।

Share this news