सरायकेला-खरसावां में अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, दो लौह अयस्क वाहन जब्त

सरायकेला-खरसावां : जिले में अवैध खनन, भंडारण एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। उपायुक्त के निर्देशानुसार सोमवार देर रात एवं मंगलवार तड़के सुबह जिला खनन विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।


जानकारी के अनुसार 25 मई की मध्यरात्रि में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी, खान निरीक्षक समीर ओझा तथा चौका थाना प्रभारी के संयुक्त नेतृत्व में चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत जमशेदपुर-रांची राष्ट्रीय उच्च पथ (NH-33) पर औचक वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान लौह अयस्क लदे दो वाहन क्रमांक JH05DL1151 एवं NL01AF5867 को रोका गया। वाहन चालकों द्वारा वैध परिवहन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों वाहनों को जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई के लिए चौका थाना में सुपुर्द कर दिया गया। मामले में खनन विभाग द्वारा अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
इसके बाद तड़के सुबह जिला खनन पदाधिकारी, खान निरीक्षक तथा ईचागढ़ थाना प्रभारी के संयुक्त नेतृत्व में स्वर्णरेखा नदी तट स्थित सोड़ो जारगोडीह बालू घाट में अवैध बालू खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान मौके पर अवैध उत्खनन की गतिविधि नहीं मिली, लेकिन विभिन्न जीआर स्थलों पर अवैध रूप से भंडारित लगभग 22,500 घनफीट बालू को जब्त कर सुरक्षार्थ सुपुर्द किया गया। प्रशासन ने बताया कि जब्त बालू की ई-नीलामी की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन की गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार की सघन जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

