चांडिल-नीमडीह थाना में प्रभार परिवर्तन, डिलशन बिरुआ बने नए नीमडीह थाना प्रभारी

संतन तिवारी ने संभाली चांडिल थाना की कमान, बेहतर पुलिसिंग और जनसहयोग पर रहेगा फोकस


चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत चांडिल एवं नीमडीह थाना में मंगलवार को नए थाना प्रभारियों ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। हाल ही में पुलिस विभाग द्वारा जारी तबादला आदेश के तहत नीमडीह थाना प्रभारी संतन तिवारी को चांडिल थाना का नया प्रभारी बनाया गया है जबकि चांडिल थाना प्रभारी डिलशन बिरुआ को नीमडीह थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंगलवार को दोनों अधिकारियों ने अपने-अपने नए पदस्थापन स्थल पर पहुंचकर प्रभार का आदान-प्रदान किया। इस दौरान थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों अधिकारियों ने अपने नए दायित्वों का निर्वहन शुरू कर दिया। नवनियुक्त नीमडीह थाना प्रभारी डिलशन बिरुआ ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा। आम लोगों का विश्वास जीतना और उन्हें बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थाना को देने की अपील की। वहीं स्थानीय लोगों ने नए थाना प्रभारियों का स्वागत करते हुए क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग और जनहित से जुड़े मामलों के निष्पादन की उम्मीद जताई है। पुलिस महकमे में इस प्रशासनिक फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

