पंचायत स्तर पर ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाने की तैयारी, ‘गुरुजी आपातकालीन सेवा-1944’ जल्द होगी शुरू

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सेवाओं को लोगों के करीब पहुंचाने के लिए पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से ऐसी व्यवस्था विकसित करने को कहा, जिससे ग्रामीणों को लाइसेंस बनवाने के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।


बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने जिलों के अनुसार रूट निर्धारण, परिवहन मार्गों की मैपिंग और ग्रामीण सड़क संपर्क को सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उनका कहना था कि बेहतर सड़क और परिवहन नेटवर्क से गांवों में आवागमन की सुविधा और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गुड सेमेरिटन योजना और हिट एंड रन मुआवजा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।
बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि राज्य में जल्द ही ‘गुरुजी आपातकालीन सेवा-1944’ शुरू करने की दिशा में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने योजना को शीघ्र लागू करने का निर्देश देते हुए कहा कि यह सेवा आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
उन्होंने परिवहन विभाग को सभी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम जनता तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

