Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथ मेला की तैयारियां तेज, मनोज कुमार चौधरी लगातार 19वीं बार बने समिति के अध्यक्ष

सरायकेला में ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथ मेला की तैयारियां तेज, मनोज कुमार चौधरी लगातार 19वीं बार बने समिति के अध्यक्ष

सरायकेला, 28 जून: सरायकेला के ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथ मेला के सफल आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को मौसीबाड़ी परिसर में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ मेला समिति की बैठक में मेले की तैयारियों, व्यवस्थाओं और समिति के पुनर्गठन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी को लगातार 19वीं बार समिति का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।

समिति के नए पदाधिकारियों में गोविंद साहू और भोला महंती को उपाध्यक्ष, छोटेलाल साहू को सचिव, रूपेश साहू को संस्कृति सचिव तथा सुशांत महापात्र को वेश सज्जाकार की जिम्मेदारी सौंपी गई।

अध्यक्ष चुने जाने के बाद मनोज कुमार चौधरी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति का लक्ष्य इस वर्ष भी रथ मेला को धार्मिक परंपराओं के अनुरूप भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से आयोजित करना है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य मिलकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और मेले की गरिमा बनाए रखने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि 16 जुलाई 2026 को भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की रथयात्रा महाप्रभु मंदिर से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए मौसीबाड़ी (गुंडिचा मंदिर) पहुंचेगी। इसके अगले दिन 17 जुलाई को भगवान के गुंडिचा मंदिर आगमन के साथ सुबह 11 बजे से 15 दिवसीय ऐतिहासिक रथ मेला शुरू होगा।

रथ मेला के दौरान 21 जुलाई को पारंपरिक तारणी व्रत का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना के साथ पूजा-अर्चना करेंगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि मेले के मुख्य मार्ग पर मांस और अंडे की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी, ताकि धार्मिक वातावरण की पवित्रता बनी रहे।

मेले में इस वर्ष श्रद्धालुओं और पर्यटकों के मनोरंजन के लिए बिजली झूला, नौका झूला, ब्रेक डांस, मिक्की माउस, जलपरी शो सहित कई आधुनिक आकर्षण लगाए जाएंगे। महिलाओं के लिए मीना बाजार, बच्चों के लिए विभिन्न झूले और खिलौनों की दुकानें, खानपान के स्टॉल, भगवान के प्रसाद की दुकानें तथा घरेलू उपयोग और सजावटी सामानों की दुकानें भी मेले की रौनक बढ़ाएंगी।

धार्मिक कार्यक्रमों के अंतर्गत आयोजित देव सभा में भगवान श्रीकृष्ण के विश्वरूप, अनंत शैया और समुद्र मंथन जैसी भव्य झांकियां भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगी।

बैठक में वार्ड पार्षद गौतम नायक, ब्रह्मानंद महापात्र, सानो आचार्य, सुमित महापात्र, मानु सतपति, शुभम कर, मुकेश साहू, दिनेश साहू, अनूप साहू, राजीव मिश्रा, कुनाल साहू, दीपक महतो, नेपाल मोदक, ब्लू मोदक, रितिक साहू, परेश मोदक, गौरांग आचार्य समेत समिति के सदस्य और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में समिति के सदस्यों ने संकल्प लिया कि सरायकेला की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक श्री जगन्नाथ रथ मेला इस वर्ष भी पूरी श्रद्धा, अनुशासन और भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा।

Share this news