झारखण्डसरायकेला

हेंसल में मां जगधात्री पूजा की तैयारी अंतिम चरण में, कल से गूंजेंगे मां के जयकारे; पांच दिनों तक चलेगा भव्य पूजा अनुष्ठान

 

 

आकर्षक पंडाल और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएगा हेंसल, विभिन्न जिलों एवं राज्यों से उमड़ेंगे हजारों श्रद्धालु

 

*राजनगर:-* सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत हेंसल में आयोजित होने वाले सुप्रसिद्ध मां जगधात्री पूजा अनुष्ठान की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। मंगलवार को पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मां जगधात्री की भव्य एवं आकर्षक प्रतिमा की साज-सज्जा से लेकर विशाल पूजा पंडाल और चारों ओर की रंग-बिरंगी विद्युत सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

 

बुधवार को महानवमी के पावन अवसर पर विधि-विधान के साथ जगत जननी मां जगधात्री की पूजा-अर्चना शुरू होगी। यह भव्य धार्मिक अनुष्ठान लगातार पांच दिनों तक चलेगा। पूजा कार्यक्रम के तहत बुधवार को महानवमी पूजा,गुरुवार को महा दशमी पूजा , शुक्रवार को एकादशी पूजा और शनिवार को महा द्वादशी पूजा एवं रविवार को महा त्रयोदशी पूजा के बाद दोपहर 12 बजे जिसके बाद तक माँ जगधात्री की प्रतिमा का धूमधाम से विसर्जन किया जाएगा।

 

हेंसल की मां जगधात्री पूजा पूरे क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान रखती है। यही वजह है कि प्रत्येक वर्ष इस पावन आयोजन में विभिन्न राज्यों और जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर मां के दरबार में माथा टेकते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बनने लगा है।

 

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जगधात्री पूजा कमेटी द्वारा तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं पूजा अनुष्ठान को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए राजनगर पुलिस प्रशासन की भी तैनाती की जाएगी। अब श्रद्धालुओं को बेसब्री से मां जगधात्री के दर्शन और भव्य पूजा महोत्सव का इंतजार है।

Share this news