Newsझारखण्डसरायकेला

सदर अस्पताल में प्रसूता और गर्भस्थ शिशु की मौत मामले में जांच के आदेश, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: मनोज कुमार चौधरी

सरायकेला:

सरायकेला सदर अस्पताल में गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। घटना के बाद नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी रविवार को सदर अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

परिजनों ने उपचार में लापरवाही, समय पर चिकित्सकीय सुविधा नहीं मिलने और अस्पताल प्रबंधन की उदासीनता के गंभीर आरोप लगाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए मनोज कुमार चौधरी ने उपायुक्त, सिविल सर्जन और अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश से बात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा चिकित्सकीय लापरवाही पाए जाने पर संबंधित डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

बताया गया कि उपायुक्त ने तत्काल मेडिकल जांच टीम गठित कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने का निर्देश दिया है। साथ ही अस्पताल में चिकित्सकीय अनुशासन से जुड़े अन्य मामलों की भी नियमानुसार समीक्षा और आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गई है।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। मौके पर पहुंचे अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश और नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजनों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

इस दौरान मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि किसी भी मरीज की जान चिकित्सकीय लापरवाही के कारण जाना अत्यंत दुखद और अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share this news