सरायकेला में शिक्षक की रहस्यमयी मौत! शादी में गए… अगली सुबह नदी से मिला शव, परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल

सरायकेला: सरायकेला थाना क्षेत्र के संज्य नदी में स्थित चमारू-कोलबीरा ब्रिज के नीचे एक शिक्षक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान नुआगढ़ धातकीड़ीह निवासी जीतन महतो के रूप में हुई है, जो मिरुडीह के एक निजी स्कूल में शिक्षक थे।


बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब 6 बजे जीतन महतो माणिक बाजार में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। उनके साथ तीन अन्य लोग भी थे। लेकिन इसके बाद वह लापता हो गए। परिवार पूरी रात उनकी तलाश करता रहा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
रविवार सुबह करीब 11 बजे चमारू-कोलबीरा ब्रिज के नीचे नदी से उनका शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जानकारी में डूबने से मौत की बात सामने आ रही है, लेकिन घटना ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
मृतक के बड़े पिताजी लक्खी पति महतो का आरोप है कि जो लोग जीतन महतो के साथ शादी समारोह में गए थे, उन्होंने करीब छह घंटे तक परिवार को उनकी गुमशुदगी की जानकारी नहीं दी। उनका कहना है कि यह मामला केवल डूबने का नहीं भी हो सकता है, इसलिए पुलिस को हर पहलू से निष्पक्ष और गहन जांच करनी चाहिए।
वहीं, मृतक के भाई ने भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों का दावा है कि मृतक के नाक से खून के निशान भी दिखाई दे रहे थे। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस या पोस्टमार्टम रिपोर्ट से अभी नहीं हुई है।
जीतन महतो अपने दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी और चार वर्षीय एक पुत्र है। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह है।

