सरायकेला-खरसावां: SIR-2026 अभियान के तहत गम्हरिया में जागरूकता बैठक, RWA सदस्यों को मतदाता पुनरीक्षण की दी गई जानकारी

सरायकेला-खरसावां: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत जिले में मतदाता सूची के अद्यतन एवं शुद्धिकरण का कार्य तेज़ी से जारी है। इसी क्रम में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) अपने-अपने क्षेत्र के प्रखंड स्तरीय नियंत्रण कक्षों का नियमित निरीक्षण कर रहे हैं तथा आम नागरिकों को अभियान के प्रति जागरूक कर रहे हैं।


इसी कड़ी में गम्हरिया प्रखंड के AERO-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के सदस्यों के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की। बैठक में प्रतिभागियों के बीच गणना प्रपत्र वितरित किए गए तथा उन्हें प्रपत्र को सही एवं पूर्ण रूप से भरने, आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को जमा करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र की पहुंच सुनिश्चित करते हुए संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।
प्रवीण कुमार ने RWA सदस्यों से अपने परिवार एवं आसपास के सभी पात्र मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के प्रति जागरूक करने तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर गणना प्रपत्र संबंधित BLO को उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रत्येक पात्र मतदाता का सहयोग आवश्यक है।

