राजनगर में रेनबो स्मार्ट स्कूल का मातृ सम्मेलन आयोजित, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर हुआ मंथन

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड स्थित बड़ा कूनाबेड़ा के रेनबो स्मार्ट स्कूल (सनराइज इंग्लिश पब्लिक स्कूल) में रविवार को मातृ सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य साधन ज्योतिषी ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया।


सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्राचार्य साधन ज्योतिषी ने कहा कि बच्चे कच्ची मिट्टी के समान होते हैं, जिन्हें उचित शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक मार्गदर्शन के माध्यम से एक आदर्श नागरिक के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को डांट-फटकार अथवा दंड देने के बजाय प्रेम, स्नेह, खेल, संगीत और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि घर का वातावरण अनुशासित, सकारात्मक तथा भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों पर आधारित होना चाहिए। बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने के लिए उन्हें प्रतिदिन माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करते हुए प्रणाम कर विद्यालय जाने की आदत डालनी चाहिए। इससे उनमें अनुशासन, विनम्रता और बड़ों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।
मातृ सम्मेलन के दौरान विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, अनुशासन, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा अभिभावकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित माताओं ने बच्चों की शिक्षा, व्यवहार और अध्ययन से संबंधित अपने अनुभव, सुझाव एवं समस्याएं साझा कीं, जिन पर विद्यालय प्रबंधन ने आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि बच्चों का शारीरिक, मानसिक, नैतिक एवं बौद्धिक विकास केवल विद्यालय ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी साझा जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं सुष्मिता आचार्य, मीनू महतो, कविता महतो, गीता रानी महतो, मालती महतो, लक्ष्मी मंडी सहित बड़ी संख्या में माताएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

