Jamshedpurझारखण्ड

World Population Day 2026: जमशेदपुर सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम, परिवार नियोजन का दिया संदेश

 

जमशेदपुर:

पूर्वी सिंहभूम के सदर अस्पताल में मंगलवार को विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल एवं एसीएमओ डॉ. अजय कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान जनसंख्या जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस मनाने का उद्देश्य बढ़ती जनसंख्या, परिवार नियोजन, लैंगिक समानता, मातृ स्वास्थ्य और मानव अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि “धरती पर न बढ़ाओ आबादी का भार, समझदारी से करो परिवार का विस्तार” का संदेश अपनाकर ही स्वस्थ और संतुलित समाज का निर्माण किया जा सकता है।

एसीएमओ डॉ. अजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सीमित संसाधनों के बीच सतत विकास और बेहतर जीवन स्तर के लिए जनसंख्या संतुलन आवश्यक है। उन्होंने लोगों से परिवार नियोजन के साधनों को अपनाने और छोटे परिवार के महत्व को समझने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनसंख्या जागरूकता रथ को रवाना किया गया, जो जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जनसंख्या नियंत्रण से संबंधित संदेशों का प्रचार-प्रसार करेगा।

कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम समन्वयक हकिम प्रधान ने किया। मौके पर जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, डीडीएम दिलीप कुमार, डीएएफ किशोरी मार्डी, पीएचएम प्रदीप कुमार महतो, सुमन मंडल, डॉ. खुशबू कुमारी, दीपक कुमार, सहिया, सहिया साथी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

Share this news